चंदौली—स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. 23 जनवरी को एसटीएफ की एक विशेष टीम ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित और ₹50,000 के इनामी अभियुक्त मोहम्मद सावेज को चंदौली जनपद के सैय्यदराजा थाना क्षेत्र स्थित बगही अंडरपास शिव मंदिर पोखरा के पास से गिरफ्तार किया. मोहम्मद सावेज पर गोवंश तस्करी और संगठित आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के आरोप हैं और वह कई महीनों से फरार चल रहा था. गिरफ्तार अभियुक्त मोहम्मद सावेज पुत्र मोहम्मद तौफीक, निवासी मोहल्ला लाल मोहम्मद करवा, थाना खतौली, जनपद मुजफ्फरनगर का रहने वाला है.
एसटीएफ की इकाई को पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में वांछित और इनामी अपराधी सक्रिय हो सकते हैं. इसी कड़ी में एसटीएफ की एक विशेष टीम ने सूत्रों से मिली गोपनीय जानकारी के आधार पर 23 जनवरी की दोपहर करीब 2:15 बगही अंडरपास, थाना सैय्यदराजा, चंदौली के निकट जाल बिछाया और आरोपी मोहम्मद सावेज को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में सावेज ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों से गोवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी कर असम और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भेजता था. उसके अनुसार, उसका एक संगठित गिरोह इस अवैध व्यापार में संलिप्त है, जो एक संगठित नेटवर्क के माध्यम से काम करता है. वर्ष 2022 दिसंबर महीने में गौ तस्करी के आरोप में आरोप में चंदौली की सदर कोतवाली से जेल भी गया था. मई 2023 में गैंगस्टर का मुकदमा पंजीकृत होने के बाद या हरियाणा मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद में छिपकर कर रहा था. न्यायालय द्वारा NBW तथा 82/83 सीआरपीसी की भी कार्रवाई की जा चुकी है. एसटीएफ ने गिरफ्तार अभियुक्त को थाना चंदौली में दाखिल कर दिया है, जहां आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है. पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाने में लगी है.
मोहम्मद सावेज का आपराधिक इतिहास—
आरोपी के खिलाफ मुजफ्फरनगर और चंदौली जनपदों में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं. गैंगस्टर एक्ट के तहत यह उसका पांचवां गंभीर मामला बताया जा रहा है. एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.





