चंदौली—गंगा पार रेती पर शनिवार को नाविकों और घोड़ा-ऊंट संचालकों के बीच हुआ विवाद मारपीट में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने से चार नाविक घायल हो गए. दो घायलों को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और सैलानियों में भी दहशत फैल गई. नाविक समाज का आरोप है कि पर्यटकों से दुर्व्यवहार का विरोध करने पर घोड़ा-ऊंट संचालकों ने हमला कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घटना के विरोध में माझी समाज के अध्यक्ष प्रमोद माझी के नेतृत्व में नाविक धरने पर बैठ गए और कार्रवाई की मांग की. मामले में वादी अमित सहानी (विश्वनाथ गली, दशाश्वमेध) की तहरीर पर मुगलसराय कोतवाली में छह नामजद और 22 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों में कटेसर निवासी गोपी यादव, ट्विंकल यादव, बड्डू यादव, महादेव, कल्लू और रमेश शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
दोनों पक्षों पर मनमानी के आरोप—
घाट क्षेत्र के स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगा पार ले जाने के नाम पर कुछ नाविकों द्वारा भी पर्यटकों से अधिक किराया वसूला जाता है. वहीं घोड़ा-ऊंट संचालकों पर भी मनमानी और दबाव बनाने के आरोप लगते रहे हैं. ऐसे में लोगों ने प्रशासन से स्पष्ट व्यवस्था और सख्ती की मांग की है, ताकि पर्यटन स्थल की छवि प्रभावित न हो और कानून-व्यवस्था बनी रहे.