चंदौली—पड़ाव स्थित रुद्रा गंगेज सोसायटी में रविवार को मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल के आगमन पर निवासियों ने उनका जोरदार स्वागत एवं सम्मान किया. सोसायटी में हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट उपलब्ध कराने पर सदस्यों ने विधायक के प्रति आभार जताया.
इस दौरान निवासियों ने रुद्रा गंगेज के सामने सड़क के दूसरी ओर जाने के लिए कट बनाए जाने की मांग रखी. विधायक ने सुरक्षा की दृष्टि से कट को उचित नहीं बताते हुए वहां फुट ओवरब्रिज बनवाने की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया. उन्होंने बताया कि पड़ाव से मुगलसराय के बीच चार फुट ओवरब्रिज का प्रस्ताव है। इसमें एक फुट ओवरब्रिज सोसायटी के 50 मीटर के दायरे में उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा.
विधायक ने कहा कि रुद्रा परिवार से उन्हें विशेष स्नेह है और सोसायटी के लोगों की सुविधा व परिसर के विकास के लिए कार्य करने में उन्हें खुशी होगी. कार्यक्रम में विधायक ने सोसायटी के विनोद जायसवाल को सम्मानित किया. विनोद स्वेच्छा से सोसायटी के पेड़-पौधों की देखभाल करते हैं.
कार्यक्रम की अध्यक्षता सोसायटी अध्यक्ष अनिल कुमार ने की. संचालन प्रशांत श्रीवास्तव तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रशांत कक्कड़ ने किया. इस अवसर पर सोसायटी के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे.











