चंदौली—शुक्रवार को जिले की अलीनगर पुलिस ने 30 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. दूसरे राज्यों से तस्करी कर गांजा लाकर वाराणसी सहित आसपास के जिलों में खपाया जा रहा था. तस्करी में शामिल कई और लोगों के इनपुट्स पुलिस को मिले हैं और अब जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
अलीनगर थाना प्रभारी अनिल कुमार पाण्डेय ने बताया कि गुरुवार की देर रात पचफेड़वा रिंग रोड के पास पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान लग्जरी गाड़ी में सवार दो युवक पुलिस को देखकर वाहन तेज भगाने लगे. जिन्हें घेराबंदी कर दबोच लिया गया. तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट से कुल 30.500 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ. बरामद गाजी की कीमत करीब 7 लाख रूपये बताई गई.
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गोविंद कुमार सिंह पुत्र श्रीनिवास सिंह निवासी सतबहिनी रोड झारखंड, दुसरे तस्कर का नाम हिमांशु पुत्र हरिशंकर ठाकुर निवासी पंचवटी झारखंड के रूप में हुईं. आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्जकर अगली कार्रवाई की जा रही है.






