चंदौली— पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर बुधवार की सुबह चलती ट्रेन से गिरकर 74 वर्षीय एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई. जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
मृतक के पास मिले कागजों से उसकी पहचान बिहार के औरंगाबाद निवासी बृजनंदन चतुर्वेदी के रूप में हुई है. वह किसी काम से वाराणसी आये थे और काम निपटाने के बाद वह बुधवार की सुबह करीब 10 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर दो से पुरुषोत्तम ट्रेन से वापस जा रहे थे. इसी दौरान बोगी के हैंडल से हाथ छूट जाने से वह नीचे गिर गए जिससे उनकी ट्रेन की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई. इस संबंध में जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. घर वाले को सूचना दे दी गई है.





