चंदौली—जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के क्षेत्रीय महामंत्री डॉ. कृष्णानंद पांडेय ने धान खरीद व्यवस्था और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत समीक्षा की. बैठक के बाद उन्होंने विभिन्न धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
बैठक में डिप्टी आरएमओ राघवेंद्र प्रताप सिंह एवं सहायक आयुक्त रविशंकर सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
डॉ. पांडेय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि धान खरीद प्रक्रिया में किसी भी किसान को परेशानी नहीं होनी चाहिए. सभी क्रय केंद्रों पर समय से धान खरीद, पारदर्शी तौल, पंजीकरण, टोकन और भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उन्होंने किसानों के लिए खाद एवं उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया. अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए और वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी हो. कालाबाजारी, जमाखोरी एवं अनियमितता की शिकायत मिलने पर प्रभावी कार्रवाई की जाए.
इसके साथ ही क्रय केंद्रों पर किसानों के बैठने, पेयजल सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए.
डॉ. पांडेय ने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं. उनकी मेहनत और उपज का सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है. शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को समय से सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. किसानों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें.











