चंदौली—नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप से जुड़े मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को इलिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस टीम ने सोमवार को सन्त मत अनुयायी आश्रम, ग्राम कलानी के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश करने के लिए रवाना किया.
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस नोट के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रामअवतार उर्फ छांगुर पुत्र राजेन्द्र राम निवासी ग्राम जिगना, थाना इलिया के रूप में हुई है. उसके खिलाफ थाना इलिया में मु0अ0सं0 92/2026 के तहत धारा 64(1) बीएनएस और 3/4 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज है.
वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम ने प्रभारी निरीक्षक हरिनारायण पटेल के नेतृत्व में कार्रवाई की. सोमवार की दोपहर करीब 1 बजकर 15 मिनट परग्राम कलानी स्थित आश्रम के पास से उसे गिरफ्तार किया गया.
इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल मनीष सिंह और कांस्टेबल राहुल यादव शामिल रहे. पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.









