सुबह टहलने निकले लोगों ने देखा शव, पुलिस ने कब्जे में लेकर शुरू की पहचान की कोशिश —
चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के काली पोखरे में गुरुवार की भोर करीब 5 बजे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुबह टहलने निकले कुछ लोगों की नजर पोखरे के पास पड़े महिला के शव पर पड़ी। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
इस संबंध में चकिया कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 5 बजे पोखरे के पास टहल रहे लोगों द्वारा महिला का शव मिलने की सूचना दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले चुकी है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पहचान कराने के साथ ही मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।









