चंदौली—जनपद में पशु तस्करी के संगठित गिरोह के खिलाफ अलीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय पशु तस्कर गिरोह के गैंग लीडर समेत दो आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जिलाधिकारी की अनुमति के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ यह कार्रवाई की है.
पुलिस के मुताबिक, गिरोह का मुख्य सदस्य अनिल कुमार यादव पुत्र रामाशंकर यादव निवासी खजुहाँ, पोस्ट अन्हरीपुर, थाना सुहवल, जनपद गाजीपुर (उम्र करीब 31 वर्ष) है, जबकि गिरोह का सरगना अमरनाथ चौबे पुत्र स्व. शिवमूर्ति चौबे निवासी पाण्डेयपुर बिठौरा, थाना बिरनो, जनपद गाजीपुर (उम्र करीब 60 वर्ष) है.
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए गोवंश को क्रूरतापूर्वक वाहनों में बांधकर तथा फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाने का काम करता था. पशुओं की तस्करी ही गिरोह की आय का मुख्य जरिया था। इससे प्राप्त धन से गिरोह के सदस्य अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे.
मामले का खुलासा 16 दिसंबर 2025 को हुआ था. अलीनगर पुलिस को ताराजीवनपुर रिंग रोड के पास मुगलसराय की तरफ से एक पिकअप वाहन में गोवंश लादकर ले जाने की सूचना मिली थी. पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया तो चालक ने पुलिसकर्मियों को कुचलने की नीयत से वाहन की रफ्तार बढ़ा दी. पीछा और घेराबंदी के दौरान चालक पिकअप को पुल पर छोड़कर पुल से छलांग लगाकर फरार हो गया.
पुलिस ने पिकअप वाहन संख्या UP72AT9061 की जांच की तो उसमें कुल 10 गोवंश बरामद हुए. इनमें छह जीवित और चार मृत थे. जांच में वाहन पर लगी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई। वाहन के इंजन और चेसिस नंबर में भी अंतर मिला. विवेचना के दौरान दूसरे वाहन संख्या UP61AT9881 और उसके चालक अनिल कुमार यादव की संलिप्तता भी सामने आई.
इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में आरोपपत्र न्यायालय भेजा था. पुलिस के अनुसार, एक आरोपपत्र 29 मार्च 2026 तथा दूसरा 11 सितंबर 2026 को न्यायालय में प्रेषित किया गया। मामला न्यायालय में विचाराधीन है.
पुलिस ने बताया कि गिरोह की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए गैंग चार्ट तैयार कर अनुमोदन के लिए भेजा गया था, जिसे 5 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी चंदौली ने स्वीकृति प्रदान की. इसके बाद 17 नवंबर 2026 को अलीनगर थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत दोनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया.
इस सबंध में अलीनगर पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध और पशु तस्करी में संलिप्त गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.









