चंदौली—छठ पूजा की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया? दशमी पोखरा स्थित छठ पूजा का पोस्टर लगाते समय 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
मृतक की पहचान कार्तिक उर्फ बाबू प्रजापति (18) पुत्र किशन, निवासी शिवपुर आवास, वाराणसी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि युवक दशमी पोखरा के पास छठ पूजा का पोस्टर लगा रहा था. इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया. बिजली का जोरदार झटका लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा.
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई.
घटना ने छठ पूजा की तैयारियों के बीच पूरे इलाके को गमगीन कर दिया. वहीं, एक युवा की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
इस संबंध में सकलडीहा क्षेत्राधिकारी कृष्णमुरारी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.









