अलीनगर क्षेत्र में चोरी-छिपे तेल कटिंग का खेल फिर शुरू, एडिशनल एसपी विक्रम दहिया के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई—
चंदौली— जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र में तेल कटिंग का कथित अवैध कारोबार एक बार फिर चर्चा में है। चोरी-छिपे चल रहे इस खेल पर मंगलवार की सुबह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। एडिशनल एसपी विक्रम दहिया के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम ने इंडियन मिल गेट के पास तेल कटिंग करने जा रहे एक संदिग्ध टैंकर को चालक समेत पकड़ लिया। मौके से तेल कटिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस टैंकर और चालक को अलीनगर थाने लाकर पूछताछ कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, अलीनगर क्षेत्र के करीब आधा दर्जन इलाकों में तेल कटिंग का खेल कथित तौर पर लगातार जारी है। हैरानी की बात यह है कि तेल माफिया देर रात ही नहीं, बल्कि दिनदहाड़े भी इस अवैध गतिविधि को अंजाम देने से पीछे नहीं हट रहे हैं। मंगलवार सुबह हुई कार्रवाई के बाद इस पूरे नेटवर्क को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले एडीजी वाराणसी के छापेमारी अभियान के बाद तेल कटिंग के इस कथित कारोबार पर विराम लगता दिखाई दिया था, लेकिन कुछ समय बाद ही फिर से इसके शुरू होने की जानकारी सामने आने लगी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर किन इलाकों में यह अवैध कारोबार संचालित हो रहा है और इसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं?
मंगलवार सुबह की कार्रवाई के बाद अब पुलिस की जांच का दायरा बढ़ने की संभावना है। टैंकर चालक से पूछताछ के साथ बरामद उपकरणों की भी जांच की जा रही है। वहीं, पूर्ति विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस और पूर्ति विभाग की जांच के बाद ही तेल कटिंग के पूरे मामले, इसमें शामिल लोगों और नेटवर्क की वास्तविक तस्वीर साफ हो सकेगी।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या इस कार्रवाई से अलीनगर क्षेत्र में सक्रिय तेल कटिंग के पूरे नेटवर्क का खुलासा होगा या फिर कुछ दिनों की कार्रवाई के बाद यह अवैध कारोबार दोबारा शुरू हो जाएगा?









