पड़ाव-मुगलसराय मार्ग पर घंटावीर बाबा मंदिर के पास हुआ हादसा, ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित किया —
चंदौली—मुगलसराय थाना क्षेत्र के जलीलपुर अंतर्गत ग्राम मड़िया स्थित घंटावीर बाबा मंदिर के पास शनिवार की भोर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मामा-भांजे की मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार दिनांक 7 नवंबर 2026 को भोर करीब 4 बजे डायल 112 को सड़क दुर्घटना की सूचना मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि सड़क किनारे बिजली के खंभे लगाने के कार्य में लगा एक ट्रैक्टर खड़ा था. इसी दौरान पड़ाव चौराहे की तरफ से मुगलसराय जा रही स्कूटी पीछे से ट्रैक्टर में जा भिड़ी.
हादसे में स्कूटी सवार उस्मान पुत्र इस्लाम (32 वर्ष), निवासी दुल्हीपुर, थाना मुगलसराय तथा उनके मामा जुबैर (47 वर्ष), निवासी रायबरेली गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं.
पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को पास के निजी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया. ट्रामा सेंटर में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए. पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.









