पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर —भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के क्षेत्रीय महामंत्री नियुक्त किए जाने के बाद वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. कृष्णानंद पांडेय (फौजी) के प्रथम नगर आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। मुगलसराय पहुंचने पर जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
नगर के विभिन्न प्रमुख चौराहों पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। नई जिम्मेदारी मिलने पर सभी ने डॉ. पांडेय को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। स्वागत के दौरान पूरे नगर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।
इस अवसर पर डॉ. कृष्णानंद पांडेय ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर विश्वास जताकर इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, यह उनके लिए भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है। पार्टी की विचारधारा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प पर आधारित है।
उन्होंने कहा कि संगठन ने जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। किसान मोर्चा के माध्यम से किसानों के हितों, उनकी समस्याओं और अधिकारों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।
अंत में उन्होंने अपने स्वागत में उमड़े सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।












