चंदौली— बिहार में शराबबंदी के बावजूद वहां अवैध शराब की आपूर्ति का खेल किस कदर संगठित तरीके से चल रहा है, इसका बड़ा खुलासा चंदौली पुलिस ने किया है. सदर कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 15 पुरुष और 18 महिलाओं समेत कुल 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए बाकायदा ऐसा तरीका अपना रखा था, जिसे जानकर पुलिस भी हैरान रह गई. शराब की बोतलों को अखबार में लपेटकर पिट्ठू बैग, महिलाओं के हैंड पर्स, कपड़ों के थैलों और शरीर से चिपकाकर बिहार पहुंचाया जाता था.
पुलिस के मुताबिक, चंदौली कस्बे के वार्ड नंबर पांच स्थित बंद पड़े चंदौली रेस्टोरेंट को इस पूरे नेटवर्क का अस्थायी गोदाम बनाया गया था.यहां स्थानीय शराब ठेकों से शराब लाकर जमा की जाती थी और फिर छोटी-छोटी खेपों में बिहार भेजी जाती थी. पुलिस ने मौके से विभिन्न ब्रांडों की कुल 520.7 लीटर शराब बरामद की है। इसमें सिग्नेचर, रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड, ऑफिसर्स चॉइस, मैकडॉवेल्स, 8 पीएम समेत कई ब्रांड शामिल हैं। कुल 2,234 बोतलें, टेट्रा पैक और पाउच बरामद हुए हैं.
एक बाइक सवार की गिरफ्तारी से खुला तस्करी का राज —
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह पुलिस टीम के साथ सकलडीहा तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर बाइक चालक भाग निकला, जबकि पीछे बैठा व्यक्ति फिसलकर गिर पड़ा और पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसकी पहचान बिहार के वैशाली निवासी सुमंत कुमार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पिट्ठू बैग से अवैध शराब बरामद हुई. पूछताछ में उसने बंद पड़े चंदौली रेस्टोरेंट में शराब जमा किए जाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल रेस्टोरेंट पर छापा मार दिया.
सीढ़ियों के नीचे बने दरवाजे से चल रहा था खेल —
पुलिस टीम जब रेस्टोरेंट पहुंची तो सीढ़ियों के नीचे बने दरवाजे से अंदर प्रवेश किया. वहां हल्की रोशनी के बीच बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं शराब की बोतलों को विशेष तरीके से पैक करने में जुटे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी 33 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, बंद रेस्टोरेंट की आड़ में शराब के अवैध भंडारण और तस्करी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था.
महिलाओं को बनाया गया तस्करी नेटवर्क का अहम हिस्सा —
इस गिरोह का सबसे चौंकाने वाला पहलू महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी है। गिरफ्तार 18 महिलाओं को शराब की छोटी-छोटी खेप बिहार पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किया जाता था. शराब की बोतलों को अखबार में लपेटकर पारदर्शी टेप से पैक किया जाता था। इसके बाद पुरुष तस्कर उन्हें बैग और कपड़ों में छिपाते थे, जबकि महिला तस्कर हैंड पर्स, सूटकेस, कमीज की आस्तीन और कपड़ों के अलग-अलग झोलों में बोतलें रखती थीं. पुलिस के मुताबिक, इस तरीके से सवारी रेलगाड़ियों, सार्वजनिक बसों, टेंपो और दोपहिया वाहनों के जरिए प्रतिदिन शराब बिहार पहुंचाई जाती थी.
ठेका संचालक और रेस्टोरेंट मालिक की भूमिका की जांच —
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने संतोष गुप्ता और रेस्टोरेंट मालिक के साथ मिलकर शराब की खेप जुटाने की बात बताई है. पुलिस के अनुसार, शराब को टेंपो और मोटरसाइकिल के जरिए बंद रेस्टोरेंट तक पहुंचाया जाता था। वहां से तस्कर छोटी खेप बनाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते थे. इस खुलासे के बाद अब शराब की आपूर्ति करने वाले स्रोत, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कथित संचालकों की भूमिका की जांच अहम हो गई है.
37 हजार से अधिक नकदी और चार वाहन बरामद —
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 37,690 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा एक टेंपो, दो मोटरसाइकिल और एक टीवीएस मोपेड भी जब्त की गई है। इस मामले में सदर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 526/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय शराब तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है. हालांकि, इस पूरे सिंडिकेट के पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय थे और बिहार तक शराब की आपूर्ति का नेटवर्क कितने बड़े स्तर पर फैला था, इसका खुलासा पुलिस की आगे की जांच में हो सकेगा.









