चंदौली में सोमवार देर रात फुटिया-जगदीशसराय के पास हुआ था हादसा, काफिले की चार गाड़ियां क्षतिग्रस्त; चारों युवक अस्पताल में भर्ती, परिजनों ने मारपीट का भी लगाया आरोप —
चंदौली—जनपद में सोमवार की देर रात हुए सड़क हादसे ने नया मोड़ ले लिया है. बीजेपी विधायक सुशील सिंह के काफिले में शामिल गाड़ियों को टक्कर मारने वाली स्कॉर्पियो में सवार चारों युवकों की मेडिकल रिपोर्ट में शराब सेवन की पुष्टि होने की बात सामने आई है. वहीं, इस पूरे मामले में अब तक सदर कोतवाली पुलिस को किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है. पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
जानकारी के अनुसार सोमवार रात जिला मुख्यालय के फुटिया और जगदीशसराय के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बीजेपी विधायक सुशील सिंह के काफिले में शामिल वाहनों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि काफिले में शामिल फॉर्च्यूनर, स्कॉर्पियो-एन समेत कुल चार गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं. हादसे के दौरान विधायक सुशील सिंह भी काफिले में मौजूद थे, हालांकि उनकी गाड़ी सुरक्षित बच गई.
हादसे में स्कॉर्पियो सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल —
दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार चारों युवकों को गंभीर चोटें आईं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
मेडिकल रिपोर्ट में शराब सेवन की पुष्टि —
सदर कोतवाली पुलिस के अनुसार हादसे के बाद चारों युवकों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया था. पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट में चारों के शराब सेवन की पुष्टि हुई है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक सैयदराजा से अलीनगर के पचफेड़वा स्थित एक निजी अस्पताल में कपड़े और खाना लेकर जा रहे थे.
सैयदराजा क्षेत्र के रहने वाले हैं चारों युवक —
हादसे में घायल युवकों की पहचान पंकज यादव, प्रिंस यादव, सजीवन और सोनल यादव के रूप में हुई है. चारों सैयदराजा थाना क्षेत्र के मनराजपुर और बंशीपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं. इनमें दो युवक आपस में रिश्तेदार भी बताए गए हैं.
परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप —
दूसरी तरफ घायल युवकों के परिजनों का बयान भी सामने आया है. परिजनों का कहना है कि युवक निजी अस्पताल में खाना लेकर जा रहे थे. इसी दौरान उनकी गाड़ी विधायक के काफिले की गाड़ी से टच हो गई. परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद युवकों के साथ मारपीट भी की गई. हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस को नहीं मिली तहरीर, कार्रवाई का इंतजार —
इस संबंध में सदर कोतवाल त्रिवेणी सिंह ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है. घायल युवकों का अस्पताल में उपचार चल रहा है. मेडिकल परीक्षण में शराब सेवन की पुष्टि हुई है. उन्होंने कहा कि यदि किसी पक्ष की ओर से तहरीर मिलती है तो संबंधित मामले में मुकदमा पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
अब बड़ा सवाल यह है कि हादसे के बाद काफिले की चार गाड़ियों को हुए नुकसान और परिजनों द्वारा लगाए गए मारपीट के आरोपों को लेकर आगे क्या कार्रवाई होती है? फिलहाल पुलिस को तहरीर मिलने का इंतजार है.









