गाजीपुर— जनपद के कासिमाबाद थाना क्षेत्र में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया. राजापुर कला चट्टी पर हुए हमले में 19 वर्षीय युवक छोटेलाल राजभर की जान चली गई, जबकि उसका दोस्त राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
जानकारी के अनुसार, छोटेलाल और उसका दोस्त राहुल राजापुर कला चट्टी पर कुछ खा रहे थे. इसी दौरान पीछे से पहुंचे एक युवक ने उन पर हमला कर दिया. इसके बाद कई अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और छोटेलाल की पिटाई करने लगे. हमले में छोटेलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल घायल होकर बेहोश हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. छोटेलाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जबकि घायल राहुल को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है.
हमलावरों की तलाश में पुलिस की कई टीमें सक्रिय —
इस सनसनीखेज वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच B की टीम को भी लगाया है. पुलिस हमले में शामिल लोगों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है.
मृतक छोटेलाल बरसेर थाना क्षेत्र के हसनपुर गोरा गांव निवासी बैजनाथ राजभर का पुत्र था. पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था. उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. मां मीणा राजभर का रो-रोकर बुरा हाल है. एस मामले में एसपी विनय कुमार सिंह ने बताया मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन कर दिया गया है. पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. अब गाज़ीपुर पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर सबकी निगाहें टिकी हैं.









