चंदौली— बलुआ थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नकदी, सोने-चांदी के आभूषण समेत कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बलुआ पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। चोरी की घटना के बाद गांव में चर्चाओं का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सुरेश यादव खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. बीती देर रात को चोर पीछे की तरफ से छत पर चढ़कर सीढ़ियों के रास्ते घर में दाखिल हुए. इसके बाद घर में रखे बक्सों और बैग को निशाना बनाकर नकदी व परिवार के महिलाओं के आभूषण समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए. सुबह करीब चार बजे गृहस्वामी की नींद खुली तो घर का दरवाजा खुला और बक्सों के ताले टूटे मिले. इसके बाद उन्होंने परिजनों को जगाकर घटना की जानकारी दी.
पीड़ित ने तत्काल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी. सूचना पर बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक जानकारी जुटाई. मामले में पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द खुलासा करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है.
इस संबंध में बलुआ प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की घटना संज्ञान में आई है. पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल कर रही है. घटना के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.









