चंदौली—बेटे को उम्मीद थी कि मां को अस्पताल पहुंचाकर उनका बेहतर इलाज कराएगा, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं. बबुरी थाना क्षेत्र के भुड़कूड़ा गांव के समीप बुधवार को सड़क किनारे बिखरी गिट्टी के पास बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई. हादसे में बाइक पर पीछे बैठी 65 वर्षीय केवला देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उनके बेटे जितेंद्र सोनकर घायल हो गए.
दुर्घटना में घायल बाइक सवार युवक –
जानकारी के अनुसार, शहाबगंज कस्बा निवासी जितेंद्र सोनकर बुधवार को अपनी मां केवला देवी को दवा और उपचार के लिए बाइक से मुगलसराय ले जा रहे थे. अभी वे बबुरी थाना क्षेत्र के भुड़कूड़ा गांव के पास पहुंचे थे कि सड़क किनारे रखी गिट्टी के समीप बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई. इससे मां-बेटे सड़क पर गिर पड़े. हादसे में केवला देवी को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं जितेंद्र भी घायल हो गए.
मृतक महिला —
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भिजवाने की व्यवस्था की. पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया.
क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
उधर, घटना की खबर शहाबगंज कस्बे पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. जिस मां को बेटा इलाज की उम्मीद में अस्पताल लेकर जा रहा था, उसी मां की रास्ते में सांसें थम गईं. घटना के बाद पूरे कस्बे में शोक का माहौल है.