सकलडीहा— जनपद चंदौली के सकलडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नोनार में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिहर पाल पुत्र स्वर्गीय रामनरेश पाल, निवासी ग्राम नोनार, थाना सकलडीहा, उम्र करीब 70 वर्ष, बुधवार की सुबह लगभग 5 बजे शौच के लिए अपने घर से निकलकर खेत की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में पड़ने वाले रेलवे ट्रैक को पार करते समय पोल संख्या 729/5 के पास अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए. ट्रेन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों द्वारा हादसे की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही थाना सकलडीहा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मृतक के शव को अपने कब्जे में ले लिया.
इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को मर्चरी हाउस भेजने की प्रक्रिया शुरू की. अचानक हुए इस हादसे से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है









