चंदौली— जिले की सड़कों पर गाड़ी पर न्यायाधीश लिखवाकर रौब गांठने वालों के लिए मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने सख्त संदेश दिया है. स्विफ्ट डिजायर कार पर ‘न्यायाधीश’ लिखवाकर काफी दिनों से मुगलसराय और चंदौली की सड़कों पर फर्राटा भर रहे एक युवक की पुलिस ने आखिरकार हेकड़ी निकाल दी.
जानकारी के मुताबिक, युवक अपनी निजी स्विफ्ट डिजायर कार पर ‘न्यायाधीश’ का स्टिकर लगाकर चंदौली की सड़कों पर फर्राटा भरता था. बताया जा रहा है कि पूर्व में उसने अपनी निजी कार न्यायाधीश के साथ अटैच कर रखी थी. न्यायाधीश का तबादला होने के बाद भी युवक ने गाड़ी से स्टिकर नहीं हटाया. इसके बाद भी वह जिले की सड़कों पर न्यायाधीश का नाम इस्तेमाल कर अपना अलग ही भौकाल बनाने में जुटा रहा. गाड़ी पर ‘न्यायाधीश’ लिखा होने के चलते वह खुद को खास रुतबे वाला दिखाने और आम लोगों के बीच अपना प्रभाव जमाने की कोशिश करता था. पुलिस की चेकिंग के दौरान जब उससे सवाल-जवाब हुआ तो मामला सामने आया और उसकी हेकड़ी निकल गई.
बता दें कि चेकिंग के दौरान जब मुगलसराय कोतवाली पुलिस की नजर उक्त कार पर पड़ी तो पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ शुरू की. इस दौरान युवक पुलिस से ही उलझने लगा. हालांकि, पुलिस ने उसकी एक न सुनी और नियम-कानून के मुताबिक कार्रवाई की.
मुगलसराय पुलिस ने कार को कब्जे में लेते हुए युवक का चालान कर दिया. कार्रवाई के बाद सड़क पर न्यायाधीश लिखकर रुतबा दिखाने वाले युवक का कथित भौकाल उतर गया. पुलिस की इस कार्रवाई से उन लोगों को भी संदेश गया है, जो दूर के रिश्ते और रिश्तेदारी या किसी पद का नाम इस्तेमाल कर आम सड़कों पर अपना अलग रौब जमाने की कोशिश करते हैं.









