चंदौली— सैयदराजा थाना क्षेत्र के बगही कुंभापुर गांव के पास गुरुवार देर रात को वाहनों की जोरदार भिड़ंत में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. दुर्घटना में डंपर, डीसीएम, पिकअप और मोटरसाइकिल शामिल रहे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि डंपर चालक का पैर वाहन में फंस गया और उसे निकालने के लिए पुलिस को रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा.
मिली जानकारी के अनुसार, डीसीएम और एक ट्रक के बीच पहले से दुर्घटना हुई थी. इस दौरान मोटरसाइकिल सवार और कुछ स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे थे. इसी बीच तेज रफ्तार डंपर संख्या UP 24 GD 7343 ने दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम संख्या GJ 19 X 3913 में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इसके बाद डंपर एक पिकअप वाहन से भी टकरा गया। हादसे में मौके पर पहुंचे तबरेज पुत्र अकबर अंसारी, निवासी खजुरा, थाना दुर्गावती, बिहार (22 वर्ष) की मौत हो गई.
दुर्घटना में डीसीएम चालक, मोटरसाइकिल चालक, डंपर चालक और एक अन्य स्थानीय व्यक्ति घायल हो गए. डंपर चालक का पैर वाहन में बुरी तरह फंस जाने के कारण उसे निकालना चुनौती बन गया. सूचना मिलते ही सैयदराजा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. पुलिस ने फायर सर्विस और एसडीआरएफ टीम की मदद से काफी मशक्कत के बाद डंपर चालक को बाहर निकाला. सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल चंदौली भेजा गया, जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी में रखवाया गया.
हादसे के बाद मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया. स्थिति को सामान्य करने के लिए एनएचआई की क्रेन मंगाई गई. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे कराया गया, जिसके बाद रास्ता खुलवाने की कार्रवाई की गई. पुलिस ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.









